धृति की परीक्षा - ' क्षुधा व नग्नता' का कष्ट
Word-Meaning: - [१] जिस समय गत मन्त्र के अनुसार मनुष्य लोकहित के कर्मों में, यज्ञात्मक कर्मों में ही लगा रहता है, उस समय एक समय वह भी आता है जिसमें कि मनुष्य सांसारिक दृष्टिकोण से अत्यन्त कष्टमय स्थिति में होता है। ये कष्ट वस्तुतः उसके धैर्य की परीक्षा के लिये आते हैं। यदि इनमें वह उत्तीर्ण हो जाता तो प्रभु की कृपा का पात्र बनता है । उन्हीं कष्टों का अनुभव करते हुए मन्त्र कहता है कि (मा) = मुझे (पर्शवः) = पार्श्व-स्थितियाँ- पसलियाँ अन्नभाव के कारण दुर्बलता से (अभितः) = दोनों ओर से (संतपन्ति) = पीड़ित करती हैं। इस प्रकार पीड़ित करती हैं, (इव) = जैसे कि (सपत्नी:) = सपत्नियाँ एक पुरुष को पीड़ित कर देती हैं । बहुविवाह के कारण जैसे एक पुरुष को सदा परेशानी ही परेशानी का सामना करना पड़ता है, उसी प्रकार इस धर्ममार्ग पर चलनेवाले पुरुष को भी एक समय गरीबी के कष्ट के कारण अन्न भी न मिल सकने से क्षुधा का कष्ट पीड़ित करता है, इसकी पसलियाँ ही दुर्बलता से दुःखने लगती हैं । [२] परेशानी इतनी अधिक हो जाती है कि (अमतिः निबाधते) = अचेतनता पीड़ित करने लगती है, होशोहवास के कायम न रहने की आशंका हो जाती है। वस्त्राभाव के कारण (नग्नता) = नग्नता के कष्ट का सामना करना पड़ता है। [३] ऐसी स्थिति में (मतिः) = बुद्धि (वेवीयते) = उस प्रकार डाँवाडोल हो जाती है (न) = जैसे कि (वेः) = पक्षी के होश (जसुः) = व्याधे से व्याधे के देखने पर नष्ट हो जाते हैं। मृत्यु चेहरे में झाँकती प्रतीत होती है और सब समाप्ति ही समाप्ति दृष्टिगोचर होती है, इस भयंकर स्थिति में बुद्धि का डाँवाडोल हो जाना स्वाभाविक है। यदि हम विचलित हो गये तो धृति की परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो जाएँगे और हमारा पतन हो जाएगा।
Connotation: - भावार्थ-धर्म के मार्ग पर चलनेवाले की परीक्षा होती है तो उसे 'क्षुधा व नग्नता' का कष्ट भी झेलना पड़ता है। कई बार तो ये कष्ट बुद्धि को विचलित कर देते हैं ।